गिरिडीह जिले के सीसीएल क्षेत्र अंतर्गत खंडीहा गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। 25 वर्षीय दिलीप दास की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान दिलीप दास (पिता – भूचारी दास) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलीप दास शाम के समय शौच के लिए घर से कबरीबाद खंडीहा क्रेशर की ओर गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उसे तुरंत सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भतीजे आशीष दास ने सीसीएल गार्ड रामसागर, करण, विकास, असगर, अख्तर और बालदेव समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।














