झारखंड पुलिस प्रशासन में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। राज्य के कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए मंजूरी मिल चुकी है। इनमें 1997 बैच की एडीजी सुमन गुप्ता के अलावा एक आईजी और दो डीआईजी स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।
वर्तमान में झारखंड के करीब 21 IPS अधिकारी पहले से ही केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। नए अधिकारियों के जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़कर 25 तक पहुंच सकती है।
सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में एसपी रैंक के कई युवा अधिकारी भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिससे राज्य के पुलिस ढांचे में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
इस बदलाव के पीछे केंद्रीय गृह मंत्रालय के नए नियम भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। अब आईजी जैसे वरिष्ठ पदों पर पदोन्नति के लिए कम से कम दो साल का केंद्रीय अनुभव अनिवार्य कर दिया गया है। पहले यह अनिवार्यता नहीं थी।
इस नए नियम के चलते अधिकारी अपने करियर ग्रोथ और प्रमोशन को ध्यान में रखते हुए केंद्र में सेवाएं देना जरूरी समझ रहे हैं।
झारखंड के कई अधिकारी पहले से ही केंद्रीय एजेंसियों में अपनी पहचान बना चुके हैं। अब सुमन गुप्ता जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने से केंद्र में झारखंड कैडर की भागीदारी और मजबूत होगी।
वहीं, राज्य सरकार द्वारा दी गई मंजूरी के बाद यह तय माना जा रहा है कि झारखंड पुलिस में जल्द ही नए अधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां दी जाएंगी, क्योंकि वरिष्ठ पद खाली होंगे।














