गया: गया जंक्शन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में RPF और GRP की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई इस कार्रवाई में महिला के पास से 12 किलो 756 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान महिला के झोले से गांजे के 12 बंडल मिले। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 37 हजार 800 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार महिला की पहचान रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र निवासी छोटी कुमारी (22) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी।
मामले में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है
















