धनबाद। हैप्पी चाइल्ड नर्सरी में शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट डे उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन की ओर से बच्चों को बस से शहर का भ्रमण कराया गया। शिक्षिकाओं ने रास्ते में बच्चों को अलग-अलग वाहनों की जानकारी दी और परिवहन से जुड़ी बाल कविताएं भी सुनाईं।
इस दौरान बच्चों को शक्ति मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने माता रानी के दर्शन किए और जय माता दी के नारे लगाए। भ्रमण के बाद सभी बच्चे सुरक्षित स्कूल लौट आए।
विद्यालय की प्राचार्या गीता सिंह ने कहा कि ऐसे व्यावहारिक भ्रमण से बच्चों के मानसिक विकास में मदद मिलती है और उन्हें आसपास की दुनिया को समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के साथ विद्यालय में आयोजित बाल सप्ताह का भी समापन हुआ। इस मौके पर सभी बच्चों को उपहार दिए गए।
















