,

हजारीबाग की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, पिता के अंतिम संस्कार के लिए जा रहे परिवार के 7 लोगों की मौत; 14 घायल

JP Bharat Shareहजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले की दनुआ घाटी में सोमवार सुबह जीटी रोड पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। हादसे का शिकार हुआ परिवार अपने बुजुर्ग का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी (काशी) ले जा रहा…

JP Bharat Share

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले की दनुआ घाटी में सोमवार सुबह जीटी रोड पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। हादसे का शिकार हुआ परिवार अपने बुजुर्ग का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी (काशी) ले जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, बगोदर के बिहारो सलैयाटांड निवासी कुंजो पंडित का 7 नवंबर को निधन हो गया था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे परिजन और ग्रामीण महिंद्रा वाहन (JH 05-AR 670) से उनका पार्थिव शरीर लेकर काशी के लिए निकले थे। वाहन में 20 से अधिक लोग सवार थे।

बताया जाता है कि दनुआ घाटी में हथिया बाबा के पास शव को बांधने वाली रस्सी ठीक करने के लिए वाहन सड़क किनारे रोका गया था। इसी दौरान पीछे से आए एक अनियंत्रित ट्रेलर ने महिंद्रा वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद बिहार की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रक ने भी वाहन को टक्कर मार दी। दूसरी टक्कर के बाद महिंद्रा वाहन खाई में जा गिरा। हादसे के बाद दोनों भारी वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए।

7 लोगों की मौत, 14 घायल

इस दुर्घटना में मृतक कुंजो पंडित के बेटे राजू पंडित, परिवार के अन्य सदस्यों और एक पड़ोसी समेत सात लोगों की मौत होने की सूचना है। वहीं 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर सामुदायिक अस्पताल चौपारण पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया।

गांव में होगा अंतिम संस्कार

हादसे के बाद परिवार ने काशी में अंतिम संस्कार करने का फैसला बदल दिया है। अब कुंजो पंडित का अंतिम संस्कार 10 नवंबर को उनके गांव में किया जाएगा।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक बुजुर्ग को अंतिम विदाई देने निकले परिवार पर रास्ते में ही एक और बड़ा दुख टूट पड़ा।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports