धनबाद: बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने बिलिंग संबंधी तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब उपभोक्ता घर बैठे व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कर बिजली बिल की समस्या का समाधान करा सकेंगे।
विभाग के अनुसार यह सुविधा विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई है, जिनके घरों या प्रतिष्ठानों में अभी तक स्मार्ट मीटर नहीं लगा है या तकनीकी कारणों से कई महीनों से बिजली बिल जारी नहीं हो पा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को अपने बिजली मीटर की स्पष्ट फोटो खींचनी होगी, जिसमें मीटर की रीडिंग साफ दिखाई दे। इसके बाद फोटो को अपने उपभोक्ता संख्या (कंज्यूमर नंबर) के साथ संबंधित क्षेत्र के कार्यपालक अभियंता (एक्जीक्यूटिव इंजीनियर) द्वारा जारी आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर भेजना होगा।
विभाग का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद तकनीकी टीम मामले की जांच करेगी और आवश्यक सुधार करते हुए सही बिजली बिल तैयार करेगी। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इस पहल से विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। विभाग का मानना है कि डिजिटल माध्यम से शिकायतों के निपटारे से समय की बचत होगी और उपभोक्ताओं को तेज एवं पारदर्शी सेवा मिल सकेगी।
















