धनबाद: झारखंड टी20 क्रिकेट लीग में इस बार कोयलांचल क्षेत्र की अपनी टीम कोयलांचल सुपर किंग्स दमदार अंदाज में उतरने जा रही है। शनिवार को धनबाद स्थित द वेडिंग वेल्स में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम के मालिक एवं 99जी के सीएमडी श्याम पांडेय ने टीम की तैयारियों, खिलाड़ियों के चयन और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में श्याम पांडेय ने बताया कि टीम में रॉबिन मिंज और अमित कुमार सहित कुल 17 अनुभवी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। ये सभी खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रह चुके हैं और टीम को मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने बताया कि टीम के 18वें खिलाड़ी का चयन एक विशेष फैन बेस प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य कोयलांचल क्षेत्र के उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। चयन प्रक्रिया के जरिए स्थानीय युवा खिलाड़ियों को पेशेवर मंच पर आने का मौका मिलेगा।
श्याम पांडेय ने कहा कि कोयलांचल में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें सही मंच और पहचान की आवश्यकता होती है। कोयलांचल सुपर किंग्स इसी सोच के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने क्षेत्र के खेल प्रेमियों से टीम का समर्थन करने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि झारखंड टी20 लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण � पर किया जाएगा। साथ ही स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए स्टेडियम में मैच देखने हेतु विशेष पास की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वे अपनी पसंदीदा टीम का लाइव समर्थन कर सकें।
टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि कोयलांचल सुपर किंग्स अपने पहले ही अभियान में शानदार प्रदर्शन करेगी और झारखंड क्रिकेट में एक नई पहचान स्थापित करेगी। साथ ही यह टीम क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
















