झरिया (धनबाद): लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर झरिया का बाजार पूरी तरह छठमय हो गया है। शनिवार को खरना के अवसर पर खरीदारी के लिए बाजार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लक्ष्मीनिया मोड़ से झरिया मेन रोड तक फल और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल रही।
छठ व्रतियों और उनके परिजनों ने केला, सेब, संतरा, नारियल, ईख, सूप, दउरा, फूल और अन्य पूजा सामग्री की खरीदारी की। फलों की कीमतों में पिछले साल की तुलना में बढ़ोतरी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। लोग अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी करते नजर आए।
झरिया बाजार में लोदना, कुंजामा, जोड़ापोखर, डिगवाडीह, सिंदरी और पाथरडीह सहित आसपास के क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी करने पहुंचे। दुकानदारों ने लक्ष्मीनिया मोड़ से मेन रोड तक दुकानें सजाई हैं।
बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए झरिया पुलिस भी मुस्तैद रही। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने स्वयं बाजार में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण तरीके से खरीदारी करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
















