झरिया: कोयला लोडिंग के लिए स्थानीय स्तर पर कोयला उपलब्ध कराने की मांग को लेकर धनुडीह के ट्रक लोडर मजदूरों ने शनिवार को गोलकडीह कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। भाकपा माले के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूरों के साथ पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान भाकपा माले के जिला सचिव बिंदा पासवान ने कहा कि केओसीपी में एसएनआर (सिंह नेचुरल रिसोर्सेस) आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से कोयला उत्खनन का काम किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि परियोजना से निकलने वाले कोयले की लोडिंग का काम धनुडीह के स्थानीय ट्रक लोडर मजदूरों को दिया जाए।
उन्होंने कहा कि धनुडीह लोडिंग प्वाइंट पिछले करीब आठ वर्षों से बंद है। इसके चलते लगभग 400 मजदूर रोजगार के संकट का सामना कर रहे हैं। मजदूरों का कहना है कि लोडिंग का काम दोबारा शुरू होने से उन्हें रोजगार मिल सकेगा और परिवार का खर्च चलाने में मदद मिलेगी।
बिंदा पासवान ने कहा कि मजदूरों की मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया तो भाकपा माले आंदोलन को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने प्रबंधन से स्थानीय मजदूरों के हित में जल्द निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान केओसीपी प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच बातचीत भी हुई। परियोजना पदाधिकारी देवेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि कोयला उत्पादन शुरू होने के बाद धनुडीह के ट्रक लोडर मजदूरों को निराश नहीं किया जाएगा।
वार्ता एवं प्रदर्शन में भाकपा माले के जिला सचिव बिंदा पासवान, पार्षद प्रतिनिधि संजय यादव, छोटू सिंह, सपन पासवान, कामता पासवान, राजेश बिरुवा, शुभम पासवान, शशि पासवान, करण पासवान, महेश पासवान, नंदू भुइया, सिकंदर मंडल, यदुराम, शालिग्राम पासवान, जयराम पासवान, वीडियो यादव, मुकेश यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
















