रांची: झारखंड में मौसम को लेकर मौसम विभाग ने रांची, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, खूंटी और लोहरदगा में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन जिलों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात का खतरा भी है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील भी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 23 अक्टूबर तक सुबह के समय कुहासा छाने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है। अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद दो दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
पिछले 24 घंटों में रांची के कांके में सबसे अधिक 43 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, रांची एरो में 36 मिमी और तोपचांची में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
















