रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की शुरुआत 30 जून से होने जा रही है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और उन्हें इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने लोगों से निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।
निर्वाचन विभाग के अनुसार यह अभियान 29 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ प्रत्येक मतदाता को आंशिक रूप से भरा हुआ इन्यूमरेशन फॉर्म दो प्रतियों में देंगे। एक प्रति भरकर बीएलओ को वापस करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति रसीद के रूप में मतदाता अपने पास रख सकेगा। समय पर फॉर्म जमा करने वाले मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं की पहले से सफलतापूर्वक मैपिंग हो चुकी है, उन्हें सामान्य परिस्थितियों में कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। यदि किसी मतदाता की जानकारी विभाग के रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती है, तभी उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे। सत्यापन पूरा होने के बाद उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
विभाग ने ऐसे मतदाताओं से भी अपील की है जिनकी अब तक मैपिंग नहीं हो पाई है कि वे बीएलओ के घर आने पर सही जानकारी उपलब्ध कराकर प्रक्रिया पूरी कराएं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे मतदाता सूची से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।
















