जमशेदपुर: श्रीनाथ यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर में आयोजित दो दिवसीय सरायकेला-खरसावां जिला पिकलबॉल चैम्पियनशिप का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता का आयोजन सरायकेला-खरसावां जिला पिकलबॉल एसोसिएशन द्वारा झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया। चैम्पियनशिप में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार तथा उपाध्यक्ष बी. सुधीर ने विभिन्न वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पिकलबॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की उम्मीद जताई।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में बी. सुधीर और जिला सचिव सुरजीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आयोजन को सफल बनाने में तकनीकी अधिकारियों, स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों और आयोजन समिति के सदस्यों का भी सराहनीय योगदान रहा।
इस आयोजन को श्रीनाथ यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर और डेकाथलन, जमशेदपुर का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन ने दोनों संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
दो दिनों तक चले इस चैम्पियनशिप में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन का उत्कृष्ट परिचय दिया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से सरायकेला-खरसावां जिले में पिकलबॉल खेल को नई पहचान और बढ़ावा मिलेगा।
















