गोविंदपुर/बोकारो: धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी नूरी टोला निवासी 22 वर्षीय वाहिद अंसारी की बोकारो जिले के फुसरो में निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथी इरफान अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में जारी है।
मंगलवार को दोनों युवक एक दो मंजिला मकान की छत पर निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गए। करंट लगने से वाहिद अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इरफान गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने ठेकेदार और मकान मालिक पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजन, ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि फुसरो पहुंचे तथा उचित मुआवजे, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
















