रांची: राजधानी रांची में शुक्रवार को खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। तेज बारिश, कम दृश्यता और हवाओं के कारण बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कई उड़ानों की लैंडिंग प्रभावित हुई। रांची जाने वाली कुछ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
रिपोर्ट के अनुसार, पुणे, कोलकाता, मुंबई और दिल्ली से रांची आने वाली उड़ानों को मौसम की खराब स्थिति के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ विमान रांची के आसमान में पहुंचने के बाद लैंड नहीं कर सके और उन्हें दूसरे शहरों की ओर भेजना पड़ा।
खराब मौसम का असर रांची आने वाली उड़ानों पर पहले भी देखने को मिला है। 24 सितंबर की रात बेंगलुरु और दिल्ली से रांची आ रही दो इंडिगो उड़ानों को मौसम की स्थिति के कारण लखनऊ डायवर्ट किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, रांची में 24 घंटे के दौरान 52 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। 25 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई थी।
हवाई सेवा प्रभावित होने से सुबह के समय एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को उड़ानों के डायवर्जन और देरी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम में सुधार और दृश्यता सामान्य होने के बाद उड़ानों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।
















