धनबाद: कोयला नगर स्थित श्री साईं मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को अखंड हरि कीर्तन का श्रद्धा और भक्ति के माहौल में समापन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और साईं बाबा के भजनों एवं कीर्तन में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।
कार्यक्रम में बोरागढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक शशि सिंह एवं उनकी मंडली ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत और हरि कीर्तन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ झूम उठे। कीर्तन के समापन के बाद मंदिर परिसर में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के जजमान उदय प्रताप सिंह ने बताया कि 29 जुलाई को श्री साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद अपराह्न में बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पालकी यात्रा एवं धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर साईं बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
दूसरे दिन आयोजित पूजा-अर्चना में जजमान उदय प्रताप सिंह एवं उनकी पत्नी रेनू सिंह, इंदु देवी, आशनी सिंह, डीएन सिंह, नितिन भट्ट, मिल्टन पार्थशास्त्री, उमेश सिंह, शशि सिंह, रेवती रमन सिंह, तुफानी बाबा, मुनी, मनीष कुमार सिंह, चंदन कुमार एवं अभिनाश सहित कई श्रद्धालुओं ने भाग लिया और समाज के सुख-शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
















