धनबाद: जातिगत जनगणना 2027 के जनगणना प्रपत्र में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। रविवार को धनबाद परिसदन में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर ओबीसी हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। नेताओं ने बताया कि मांग को लेकर 16 सितंबर को रांची में बापू वाटिका से राजभवन तक विशाल मार्च निकाला जाएगा।
OBC के लिए अलग कॉलम की मांग
जलेश्वर महतो ने कहा कि जातिगत जनगणना के प्रपत्र में ओबीसी के लिए पृथक कॉलम और उसके अंतर्गत ड्रॉपडाउन विकल्प नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग जाति, उपजाति और गोत्र के नाम दर्ज कराने की व्यवस्था से ओबीसी समाज के आंकड़ों को अलग-अलग हिस्सों में बांटने की स्थिति बन सकती है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे ओबीसी की वास्तविक आबादी के आकलन पर असर पड़ने की आशंका है, जिसका प्रभाव सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक अधिकारों तथा आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर पड़ सकता है।
प्रदेश कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर रवींद्र वर्मा ने कहा कि ओबीसी के लिए अलग कॉलम नहीं होने से उनकी आबादी के सही आंकड़े सामने आने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से 16 सितंबर के राजभवन मार्च में शामिल होने की अपील की।
वहीं, धनबाद जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश्वर सिंह यादव ने सामाजिक न्याय के मुद्दे पर पिछड़े, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्गों से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में डॉ. डी.के. सिंह, राजकुमार महतो, असलम मंसूरी, श्रीराम चौरसिया, संजय जायसवाल, अनिल साव, अवधेश पासवान, मोइन अंसारी, बबलू दास, मालि गोप, मोहन महतो, मनी महतो, संजय चौहान, रोबिन पाल, जनक लाल, भास्कर झा समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















