कतरास, धनबाद। ओल्ड कांटा पहाड़ी के पास शुक्रवार सुबह कोयला खनन कार्य के दौरान BCCL का डोजर अचानक अवैध उत्खनन स्थल के मुहाने पर पलट गया। घटना सुबह करीब 9 बजे प्रथम पाली की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डोजर संख्या 44 (सीरियल नंबर 12101) को ऑपरेटर शंकर बाउरी चला रहे थे। वाहन का संतुलन बिगड़ने पर उन्होंने तुरंत छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई।
वहीं, परियोजना पदाधिकारी जयंत कुमार ने किसी दुर्घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। उनसे विस्तृत पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
घटना के बाद निजी कंपनी के कार्यस्थल पर BCCL का डोजर पहुंचने, वहां काम कराने की अनुमति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय सूत्रों ने प्रबंधन के दबाव में काम कराए जाने का आरोप लगाया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अब यह देखना होगा कि BCCL प्रबंधन मामले की जांच कराता है या नहीं और डोजर के वहां पहुंचने के संबंध में क्या कार्रवाई होती है।
















