धनबाद: मृतक कोल कर्मी स्वर्गीय ललन नोनिया के आश्रित पुत्र आशीष कुमार नोनिया को अस्थायी नियोजन देने पर सहमति बनी है। यह निर्णय धनबाद विधायक राज सिन्हा की पहल और प्रबंधन व यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद लिया गया।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, ललन नोनिया (कर्मी संख्या 63014180), जो एडीआई कोलियरी में डंपर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे, 2 अक्टूबर को प्रथम पाली में ड्यूटी पर थे। करीब दोपहर 12 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और खदान में हुई दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोट लगी।
प्रबंधन की ओर से उन्हें इलाज के लिए केंद्रीय अस्पताल, धनबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमसीएच, धनबाद भेजा गया।
यूनियन ने उठाई आश्रित को नियोजन देने की मांग
घटना के बाद संयुक्त मोर्चा के यूनियन प्रतिनिधियों ने मृतक कर्मी के आश्रित पुत्र को तत्काल अस्थायी नियोजन देने की मांग प्रबंधन के समक्ष रखी। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जल्द राहत देने की मांग की गई।
मामले में विधायक राज सिन्हा ने प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर आश्रित को शीघ्र नियोजन दिलाने की पहल की। इसके बाद प्रबंधन ने सक्षम पदाधिकारी की अनुमति से आशीष कुमार नोनिया को अस्थायी नियोजन देने पर सहमति जताई।
विधायक ने कहा- परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास
राज सिन्हा ने कहा कि कोल कर्मी देश की ऊर्जा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसी कर्मी की असमय मृत्यु से उसके परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं। ऐसे समय में आश्रित परिवार को नियमानुसार सहायता और रोजगार उपलब्ध कराना जरूरी है।
वार्ता में कृष्ण कुमार सिंह, कल्याण परिषद सदस्य, राजू कुमार सिंह, कमलेश कुमार पासवान, रविशंकर सिंह, भूषण महतो, नंद कुमार सिंह समेत विभिन्न यूनियन प्रतिनिधि और प्रबंधन के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
















