धनबाद: हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम के साथ मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैथन क्षेत्र में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी कर लौट रही पुलिस की सरकारी गाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में एक पुलिस जवान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान रामलखन यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल पुलिसकर्मियों में नरेश यादव (37 वर्ष), ग्रीन पासवान (37 वर्ष) तथा सरकारी वाहन के चालक गौरव कुमार (करीब 35 वर्ष) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन में एक अभियुक्त की तलाश में छापेमारी के लिए पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान आरोपी हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। इसी दौरान बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से वाहन की तेज टक्कर हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
एसएनएमएमसीएच आरक्षी चौकी में तैनात एसआई विनोद कुर्जू ने बताया कि पुलिस टीम छापेमारी कर लौट रही थी, तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घायल जवान के परिजन आदर्श पासवान ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद वे अस्पताल पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर लगातार इलाज कर रहे हैं और चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन और ट्रेलर को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















