जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनपीटा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मृतक की पहचान मनपीटा निवासी बहादूर मुंडा के 7 वर्षीय पुत्र वीर मुंडा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वीर मुंडा अन्य बच्चों के साथ साई मंदिर के पीछे स्थित तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा।
बच्चे को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से वीर को तालाब से बाहर निकालकर इलाज के लिए टेल्को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार पानी में डूबने से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई।
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने तालाबों और जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।














