धनबाद: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत समाहरणालय में मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य मतदाता सेवाओं को सरल और सुगम बनाना है, ताकि सभी योग्य नागरिक, विशेषकर दिव्यांग, प्रवासी एवं बुजुर्ग मतदाता आसानी से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ सकें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को एसआईआर-2026 की समय सीमा, पात्रता, नया पंजीकरण, नाम सुधार, नाम हटाने तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पुराने या अंतिम एसआईआर रिकॉर्ड खोजने और उनसे जुड़ने में भी सहायता प्रदान की जाएगी।
हेल्प डेस्क में मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने और जमा करने में भी सहयोग दिया जाएगा। वहीं प्रवासी मतदाताओं को उनके वर्तमान एवं पूर्व विधानसभा क्षेत्र की पहचान करने और सही स्थान पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने में मदद मिलेगी।
मतदाताओं को हेल्पलाइन नंबर 0326-1950, ECI Net मोबाइल ऐप तथा “अपने BLO के साथ कॉल बुक करें” सुविधा के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
हेल्प डेस्क के सुचारू संचालन के लिए चार हेल्प डेस्क मैनेजर की प्रतिनियुक्ति की गई है। यह सुविधा समाहरणालय के प्रथम तल स्थित कक्ष संख्या 111A में शुरू की गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी हेल्प डेस्क मैनेजर को निर्देश दिया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के दौरान आम नागरिकों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए।
















