एनएच-19 पर निर्माण कार्य के दौरान हादसा
धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान भारी केसिंग मजदूर के सीने पर गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान रामकनाली निवासी अभिजीत मुर्मू के रूप में हुई है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
केसिंग गिरने से मजदूर गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार, जितेसिया आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओवरब्रिज निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बुधवार को मजदूर हाईवा में केसिंग लोड करने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और भारी केसिंग अभिजीत मुर्मू के सीने पर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उसे इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
गंभीर रूप से घायल अभिजीत मुर्मू को एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
परिजनों ने मुआवजे की उठाई मांग
मृतक के बड़े चाचा पन्ना लाल मुर्मू ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि मुआवजे को लेकर आउटसोर्सिंग कंपनी प्रबंधन से बातचीत की जाएगी। फिलहाल शव एसएनएमएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और मजदूरों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़े:-Jharkhand Weather Alert: मानसून से पहले झारखंड में बढ़ा वज्रपात का खतरा, धनबाद में ऑरेंज अलर्ट














