पाकुड़: झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे पाकुड़ इलाके में कथित अवैध पत्थर खनन के मामले की जांच के लिए ACB दुमका की टीम पहुंची। टीम में DSP रैंक के अधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
ACB टीम ने सदर अंचल के कसियाडांगा, कान्हूपुर और सिंहगड्ढा क्षेत्र में पहुंचकर करीब 16 बीघा जमीन पर हुए कथित अवैध खनन से जुड़े मामले की जानकारी जुटाई। टीम ने खनन विभाग के कार्यालय और सिविल एसडीओ के आवासीय कार्यालय पहुंचकर मामले से संबंधित दस्तावेज और जानकारी भी ली।
बताया गया कि इस मामले में सरकारी राजस्व को करीब 50 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है। हालांकि, राजस्व नुकसान की वास्तविक राशि जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
DGPS सर्वे में 9.71 एकड़ में अवैध खनन का दावा
मामले को लेकर पाकुड़ के पूर्व और वर्तमान उपायुक्त की ओर से सिविल एसडीओ को जांच के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद स्थल निरीक्षण कर DGPS सर्वे कराया गया। जानकारी के अनुसार, सर्वे टीम ने अपनी रिपोर्ट खनन विभाग को सौंप दी है, जिसमें करीब 9.71 एकड़ क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने की बात सामने आने का दावा किया गया है।
ACB द्वारा मामले को अपने स्तर पर जांच में लेने के बाद टीम का यह पहला पाकुड़ दौरा बताया जा रहा है। अधिकारियों ने कथित अवैध खनन स्थल पर पहुंचकर भी जांच की और संबंधित जानकारी जुटाई।
अब आगे की कार्रवाई खनन विभाग और जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट के आधार पर क्या होती है, इस पर नजर है।
















