धनबाद: पहाड़ी मंदिर गेट के समीप एक गरीब दुकानदार के चूड़ी बिक्री वाले ठेले में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ नशा करने वाले लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया, जिससे दुकानदार को भारी नुकसान हुआ है।
पीड़ित दुकानदार उमेश केसरी पहाड़ी मंदिर के पास ठेले पर चूड़ी की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आग लगने से उनका पूरा ठेला और दुकान का सामान जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी मंदिर क्षेत्र में पहले भी चोरी और असामाजिक गतिविधियों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे दुकानदारों और आसपास के लोगों में चिंता का माहौल है।
घटना के संबंध में उमेश केसरी ने थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
वार्ड 29 के प्रतिनिधि सुनील यादव ने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह जांच में सहयोग करे।














