धनबाद : Narayani Charitable Trust द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के स्कूल Pehla Kadam में शनिवार को मदर्स डे बड़े ही उत्साह, प्रेम और भावनात्मक माहौल के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से बच्चों और उनकी माताओं को समर्पित रहा।
संस्थान में ऐसे बच्चों को शिक्षा, संस्कार, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार प्रोत्साहित किया जाता है, जिन्हें विशेष देखभाल और सहयोग की आवश्यकता होती है। मदर्स डे के अवसर पर मां के प्रेम, त्याग और समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से विशेष आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सभी बच्चों की माताएं शामिल हुईं। शुरुआत माताओं को तिलक लगाकर और सम्मानित कर की गई, जिससे पूरा वातावरण आत्मीयता और भावनाओं से भर उठा। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के जरिए सभी का दिल जीत लिया।
विशेष बच्चों ने अपनी माताओं के साथ मिलकर भावनात्मक डांस प्रस्तुति भी दी, जिसे देखकर उपस्थित लोग भावुक हो गए। बच्चों ने अपनी माताओं को अपने हाथों से बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड भेंट कर उनके प्रति प्रेम और आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर Kaushal Agrawal ने बच्चों और अभिभावकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्थान की सचिव Anita Agrawal ने कहा कि विशेष बच्चों में अद्भुत प्रतिभा और क्षमता होती है, जरूरत सिर्फ उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रेम और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि “पहला कदम” बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान खुशी, तालियों और भावनाओं से पूरा परिसर गूंज उठा। अंत में सभी माताओं और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
















