पलामू:
झारखंड के Palamu जिले में तिलक समारोह के दौरान हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। हरिहरगंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ भगत गांव में शुक्रवार देर रात इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के शिल्दा खुर्द गांव से करीमन बैठा अपनी बेटी का तिलक लेकर समारोह में पहुंचे थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण चल रहा था, तभी रात करीब 11:45 बजे अचानक गोली चल गई।
इस फायरिंग में 60 वर्षीय जागेश्वर बैठा की पीठ में गोली लगी जो आर-पार निकल गई, जबकि तिलक समारोह संपन्न करा रहे पंडित जी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक पूर्व मुखिया ने नशे की हालत में अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी, जिसके दौरान गोली छिटककर वहां मौजूद लोगों को लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी हथियार को भी जब्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग पूरी तरह हर्ष में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
















