जामताड़ा: राष्ट्रीय सूड़ी समाज, झारखंड प्रदेश ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जामताड़ा जिले के लिए नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल ने आधिकारिक पत्र जारी कर कर्माटांड़ (देवलबाड़ी) निवासी सुरेंद्र मंडल को राष्ट्रीय सूड़ी समाज, जामताड़ा का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया है।
संगठन की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय एवं प्रदेश कार्यसमिति की अनुशंसा के आधार पर सुरेंद्र मंडल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। समाज के प्रति उनकी सक्रियता, निष्ठा, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कार्यों में योगदान को देखते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण पद के लिए चुना गया है।
राष्ट्रीय सूड़ी समाज ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष को संगठन विस्तार और सामाजिक विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। संगठन ने उनसे अपेक्षा की है कि वे जामताड़ा जिले के सभी प्रखंडों, पंचायतों और गांवों में समाज को संगठित कर मजबूत कमेटियों का गठन करेंगे तथा समाज के लोगों को एक मंच पर लाने का कार्य करेंगे।
इसके साथ ही समाज के आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों को गति देने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में जामताड़ा जिले में सूड़ी समाज और अधिक संगठित एवं मजबूत होगा।
सुरेंद्र मंडल के जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर समाज के सदस्यों, पदाधिकारियों और स्थानीय शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। समाज के लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
















