भागलपुर : Bhagalpur में गंगा नदी पर आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर तीन निजी कंपनियों को फेरी एवं कार्गो सेवा संचालन की अस्थायी अनुमति प्रदान की गई है।
इस योजना के तहत अब 18 चक्का तक के भारी वाहनों के परिचालन का रास्ता साफ हो गया है। प्रशासन के अनुसार Kanhaiya Logistic को बाबूपुर घाट सबौर से महादेवपुर गंगा घाट तक जहाज सेवा संचालन की अनुमति दी गई है।
फेरी और कार्गो सेवा शुरू होने से ट्रक, बस और अन्य भारी वाहन आसानी से गंगा पार कर सकेंगे। साथ ही आम यात्रियों को भी कम समय में सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि इससे परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और व्यापार, रोजगार तथा विकास को बढ़ावा मिलेगा।
जिला प्रशासन ने फेरी एवं कार्गो सेवा के लिए किराया दर भी निर्धारित कर दिया है, ताकि यात्रियों और आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में पारदर्शिता बनी रहे। विशेष रूप से खाद्य सामग्री, दवा, दूध और सब्जियों जैसी जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए कार्गो सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है।
हालांकि सुरक्षा कारणों से सूर्यास्त के बाद जल परिवहन संचालन पर रोक रहेगी।
सेवा शुरू करने की तैयारियों को लेकर बाबूपुर घाट पर Vikas Kumar, Ajay Kumar Chaudhary सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान नाविकों और ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के समय मजिस्ट्रेट, आपदा मित्र, डॉक्टर और नर्सों की टीम भी मौजूद रही।
















