धनबाद: रॉयल्टी चालान की नई व्यवस्था के विरोध में सोमवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर जिला संवेदक संघ की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष आकाश रवानी ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ संवेदक रामनरेश सिंह ने किया। प्रदर्शन के दौरान संवेदकों ने नई व्यवस्था को व्यावहारिक नहीं बताते हुए सरकार से तत्काल वैकल्पिक समाधान लागू करने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए आकाश रवानी ने कहा कि नई रॉयल्टी चालान व्यवस्था के कारण संवेदकों का भुगतान रुका हुआ है, जिससे सरकारी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण संवेदकों ने स्वेच्छा से सड़क निर्माण विभाग (RCD) की निविदा प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। उनका कहना था कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो पूंजी की कमी के कारण कई सरकारी परियोजनाओं का संचालन प्रभावित हो सकता है।
वरिष्ठ संवेदक रामनरेश सिंह ने कहा कि जब तक नई व्यवस्था का व्यवहारिक विकल्प नहीं मिलता, तब तक पुरानी रॉयल्टी चालान प्रणाली को पुनः लागू किया जाना चाहिए।
वरिष्ठ संवेदक डब्ल्यू. झा ने कहा कि जिले में निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक सभी सामग्रियों का रॉयल्टी चालान उपलब्ध कराना व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। वहीं राजेश सिंह ने कहा कि बालू और अन्य निर्माण सामग्री की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर सामग्री उपलब्ध नहीं है और दूर-दराज के राज्यों से सामग्री लानी पड़े, तो निर्धारित लागत (BOQ) में कार्य करना संभव नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जा सकता है।
धरना-प्रदर्शन में लक्ष्मण सिंह, समीर रवानी, दीपक गोराई, राजीव सिंह, मनोज सिंह, मनोरंजन सिंह, प्रदीप चौरसिया, विकास सिंह चौधरी, दिवाकर सिंह, काशीनाथ प्रसाद, दीपक सिंह, शंकर सिंह, राजीव रंजन, पप्पू चौरसिया, वीरेंद्र यादव, शौकत खान, प्रमोद साव, ओ.पी. यादव, अजय कुमार सहित बड़ी संख्या में संवेदक उपस्थित रहे।
















