धनबाद : राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, अशोकनगर धनसार में मंगलवार को 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया और विद्यालय प्रबंधन के साथ बच्चों की शिक्षा एवं भविष्य को लेकर चर्चा की।
विद्यालय के प्राचार्य Sumant Kumar Mishra ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह गोष्ठी केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के स्वर्णिम भविष्य के निर्माण के लिए साझा प्रयासों का महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक त्रिकोणीय प्रक्रिया है जिसमें विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक तीनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। जब सभी मिलकर टीम भावना से कार्य करेंगे तभी बच्चों को सही दिशा, संस्कार और बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
प्राचार्य ने अभिभावकों से बच्चों के साथ समय बिताने और शिक्षकों से नियमित संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को सही मार्गदर्शन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गोष्ठी में लगभग 300 अभिभावक उपस्थित हुए। इस दौरान अभिभावकों ने वर्ग शिक्षकों एवं विभिन्न विषयों के शिक्षकों से मुलाकात कर अपने सुझाव और समस्याएं साझा कीं।
कार्यक्रम में उप प्राचार्य Manoj Kumar, उप प्राचार्या Leela Singh, प्रतिमा चौबे, कमल नयन, पार्थ सारथी सरकार, छंदा बनर्जी, सुमोना दीक्षित समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
मंच संचालन विनय नारायण राय एवं राकेश कुमार मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्या लीला सिंह एवं कुणाल विश्वकर्मा ने किया।














