बोकारो: चंदनकियारी थाना क्षेत्र के विद्युत उपशक्ति केंद्र में हुई 31 लाख रुपये से अधिक की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले की जांच के लिए गठित SIT ने रामगढ़ जिले के पतरातू इलाके में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शहजाद, अलाउद्दीन अंसारी उर्फ लादेन और प्रकाश प्रजापति के रूप में हुई है। तीनों पतरातू थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 और 3 अगस्त की दरमियानी रात करीब एक बजे 10 से 12 नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने बिजली उपशक्ति केंद्र में धावा बोला था। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अशोक हेम्ब्रम को हथियार के बल पर बंधक बनाने के बाद अपराधी वहां रखी विद्युत सामग्री लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने कंट्रोल केबल, रैबिट और वूल्फ कंडक्टर, स्क्रैप तार, 500 KVA ट्रांसफार्मर का कॉइल और ट्रांसफार्मर ऑयल समेत करीब 31 लाख 39 हजार 956 रुपये की सामग्री लूट ली थी।
घटना के बाद सहायक विद्युत अभियंता नरेंद्र मिंज की शिकायत पर चंदनकियारी थाने में मामला दर्ज किया गया। बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी सदर चास वेदांत शंकर के नेतृत्व में SIT गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पतरातू क्षेत्र में छापेमारी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से एक पिकअप वाहन, एक बोलेरो, करीब 1200 मीटर स्क्रैप तार, तिरपाल, मोबाइल फोन, नकदी और बैंक से संबंधित सामग्री बरामद करने की बात कही है।
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों में अलाउद्दीन अंसारी और मोहम्मद शहजाद के पूर्व आपराधिक मामलों में शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
















