रांची : राजधानी रांची के हिनू इलाके में सोमवार सुबह शिवा प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा कार्यालय जलकर खाक हो गया। घटना में करीब दो करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
सुबह के समय कार्यालय से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी एजेंसी के प्रोपराइटर को दी। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण कार्यालय में रखे सामान और अन्य जरूरी सामग्री के जलने की बात सामने आ रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
















