धनबाद: धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित जिला कांग्रेस मुख्यालय में जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंड एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान संगठन को बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर तक मजबूत करने के साथ जनसंपर्क अभियान को तेज करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में पिछले महीने प्रखंड एवं नगर कांग्रेस कमेटियों, मंडल, पंचायत कांग्रेस कमेटियों और बीएलओ के कार्यों की समीक्षा भी की गई। जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती नेताओं से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता से होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव, पंचायत और बूथ स्तर पर जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं को उठाने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को धनबाद जिले की सभी पंचायतों में पंचायत कांग्रेस कमेटियों की ओर से ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। इन ग्राम सभाओं के जरिए ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जाएगा।
प्रारूप मतदाता सूची पर होगी चर्चा
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश के अनुसार 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची पर भी 15 अगस्त को होने वाली ग्राम सभाओं में चर्चा करने का निर्णय लिया गया।
ग्राम सभाओं के दौरान मतदाता सूची में नाम छूटने, गलत प्रविष्टि, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम तथा अन्य त्रुटियों की पहचान कर आवश्यक आपत्ति एवं सुझाव संबंधित निर्वाचन अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही गई। प्रत्येक ग्राम सभा की रिपोर्ट तैयार कर 16 अगस्त 2026 की शाम 6 बजे तक जिला कांग्रेस कमेटी के माध्यम से भेजने का निर्णय लिया गया।
पानी, बिजली, भ्रष्टाचार और प्रदूषण के मुद्दे पर आंदोलन
बैठक में विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने इलाकों की समस्याएं रखीं। पेयजल संकट, बिजली की अनियमित आपूर्ति, प्रदूषण, भ्रष्टाचार, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चिंता जताई गई।
कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर धनबाद जिले में चरणबद्ध आंदोलन चलाने का फैसला किया है। इसके तहत पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन, पदयात्रा और जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई है।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, जल संकट, प्रदूषण और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रही है। कांग्रेस इन मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी और जनता की समस्याओं को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और पूर्व में किए गए वादों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाते रहेंगे।
BLA-2 के कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में कांग्रेस की ओर से नियुक्त BLA-2 कार्यकर्ताओं के बूथ स्तर पर किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने बूथ स्तर पर उनकी सक्रियता की सराहना करते हुए मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।
बैठक में सभी प्रखंड एवं नगर कांग्रेस अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति और स्थानीय जनसमस्याओं की जानकारी दी। सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने और 15 अगस्त की ग्राम सभाओं को सफल बनाने की अपील की गई।
बैठक में निरसा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार राय, भूली नगर अध्यक्ष गंगा वाल्मीकि, चिरकुंडा नगर अध्यक्ष शशि भूषण नाथ तिवारी, पूर्वी टुंडी प्रखंड अध्यक्ष योगेश रजक, धनबाद नगर अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, बलियापुर के प्रतिनिधि रणजीत कुमार सिंह, गोविंदपुर प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार हाड़ी, बाघमारा प्रखंड अध्यक्ष बलराम महतो, झरिया नगर अध्यक्ष श्याम कुमार साह, झरिया प्रखंड के प्रतिनिधि राकेश पासवान, शंकर अग्रवाल, सिंदरी नगर अध्यक्ष राज बिहारी यादव, केंदुआ-करकेंद नगर अध्यक्ष नवीन पासवान, गौतम पासवान सहित जिले के विभिन्न प्रखंड एवं नगर कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक का समापन संगठन को बूथ और पंचायत स्तर तक मजबूत करने, जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने, 15 अगस्त को सभी पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित करने तथा स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाने के संकल्प के साथ हुआ।
















