धनबाद: गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के दुअरपहरी गांव निवासी 20 वर्षीय युवक राजा कुमार की सांप काटने से मौत हो गई। युवक की मौत के बाद धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने और शव को अपने साथ ले जाने की मांग को लेकर हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार राजा कुमार बीती रात अपने घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान उसे एक जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की स्थिति लगातार गंभीर बनी रही। चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रिम्स भेजने की सलाह दी, लेकिन दोपहर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम अपने साथ ले जाने की मांग करने लगे। परिजनों का कहना था कि वे झाड़-फूंक के माध्यम से उसका इलाज कराना चाहते हैं। वहीं अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए शव को ले जाने से रोक दिया। इसके बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
घटना की सूचना मिलने पर सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने परिजनों से लिखित आवेदन लिया। आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के साथ ले जाने की अनुमति दे दी।
इसके बाद मामला शांत हुआ और परिजन शव को लेकर अपने गांव रवाना हो गए। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मृतक के पिता बालगोविंद पंडित तथा मृतक के भाई ने घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और युवक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
















