, ,

15 जून तक धनबाद में मानसून की दस्तक के आसार, अगले दो दिन आंधी-गर्जन का अलर्ट

JP Bharat Shareधनबाद: केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश के बाद झारखंड में भी मानसून की आहट सुनाई देने लगी है। धनबाद समेत राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को धनबाद में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।…

JP Bharat Share

धनबाद: केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश के बाद झारखंड में भी मानसून की आहट सुनाई देने लगी है। धनबाद समेत राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को धनबाद में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि बारिश के बाद दोपहर में तेज धूप निकलने से उमस और गर्मी का असर भी महसूस किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 15 जून तक मानसून संताल परगना के रास्ते धनबाद पहुंच सकता है।

मानसून के जानकारों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से मानसून के आगे बढ़ने का मार्ग साफ हुआ है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में किसी चक्रवाती स्थिति के विकसित होने पर मानसून की गति प्रभावित हो सकती है। फिलहाल मौसम की परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल मानी जा रही हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले वर्ष मानसूनी बादलों की सक्रियता धनबाद क्षेत्र में अधिक रही थी, जिसके कारण पूरे सीजन में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई थी। यदि इस वर्ष भी मानसून का ट्रेंड इसी प्रकार बना रहता है तो जिले में अच्छी बारिश होने की संभावना है। हालांकि पिछले एक दशक के आंकड़ों के अनुसार मानसून की गतिविधियों का केंद्र धीरे-धीरे ओडिशा से उत्तर की ओर खिसकता दिखाई दिया है।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो जून माह के शुरुआती दिनों में धनबाद जिले में वर्षा काफी कम रही है। एक से चार जून के बीच सामान्य 10.9 मिलीमीटर वर्षा की तुलना में केवल 0.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 99 प्रतिशत कम है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 5 से 11 जून के दौरान आंधी, गरज और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन कुल वर्षा सामान्य से कम रहने का अनुमान है। वहीं 12 से 18 जून के बीच भी सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले मैदानों में जाने से बचने तथा आंधी-तूफान के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports