धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा भी मौजूद रहे।
जनता दरबार में सात दिन के एक नवजात शिशु के गंभीर हृदय रोग के इलाज के लिए परिजनों ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। फिलहाल नवजात कोलकाता में भर्ती है और उसके इलाज की व्यवस्था केरल में किए जाने की पहल की गई है।
इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना, बकाया वेतन, होमगार्ड, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, ई-कल्याण योजना और नामांकन से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने और निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
















