मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में सेना का लेफ्टिनेंट कर्नल और मिलिट्री इंटेलिजेंस अधिकारी बनकर कथित ठगी करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। नवग्राम थाना पुलिस और सेना की खुफिया इकाई ने संयुक्त कार्रवाई कर सागरदिघी निवासी तरुण दास को पकड़ा है।
जांच के अनुसार, आरोपी पर सेना की वर्दी पहनकर लोगों के सामने खुद को सैन्य अधिकारी बताने और सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे वसूलने का आरोप है। बताया जा रहा है कि कोलकाता आर्मी इंटेलिजेंस की टीम काफी समय से उस पर नजर रख रही थी।
संयुक्त टीम ने नवग्राम-पलसुंडा टोल टैक्स के पास कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी में कथित फर्जी सैन्य पहचान पत्र, संदिग्ध दस्तावेज, तीन वॉकी-टॉकी, कई मोबाइल फोन, नकदी और ‘Government of India’ का स्टिकर लगी एक गाड़ी बरामद की गई।
आरोपी को लालबाग अदालत में पेश किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित ठगी में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। बरामद दस्तावेजों और उपकरणों की भी जांच की जा रही है।
















