सिसई, गुमला: डुमरी विधायक जयराम महतो को सुनने के लिए सिसई में बड़ी संख्या में लोग जुटे। सभा को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने अपने तेवर स्पष्ट करते हुए कहा कि माफी मांग लेने से जनता के अधिकारों की लड़ाई खत्म नहीं होगी। उन्होंने कहा, “माफी अपनी जेब में रखे, टाइगर झुकेगा नहीं।”
जयराम महतो ने खुद को गरीबों और छात्रों के बीच से आया हुआ विधायक बताते हुए कहा कि उन्हें अपनी विधायकी की चिंता नहीं है। उन्होंने भगत सिंह के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि उनकी लड़ाई व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि शोषण, अत्याचार और भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के हक और अधिकारों के लिए है। अपने संबोधन में उन्होंने छात्र आंदोलन, पेपर लीक, पुलिस एसोसिएशन और 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति जैसे मुद्दे उठाए और राज्य सरकार पर निशाना साधा।
आदिवासी बहुल सिसई क्षेत्र में जुटी भीड़ के बीच जयराम महतो के “टाइगर झुकेगा नहीं” वाले बयान की खूब चर्चा हुई। सभा के दौरान समर्थकों में भी उत्साह देखने को मिला।
















