गिरिडीह: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में सरकारी विद्यालयों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विद्यालयवार स्वास्थ्य जांच की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी बच्चा स्वास्थ्य जांच से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय के साथ माइक्रो प्लान तैयार कर जिले के सभी विद्यालयों को शत-प्रतिशत कवर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य समस्या मिलने पर तुरंत होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जांच के दौरान किसी बच्चे में स्वास्थ्य संबंधी समस्या सामने आने पर उसे आवश्यक उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरत पड़ने पर रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, छात्रावास और पीएम श्री विद्यालयों समेत सभी सरकारी स्कूलों में नियमित स्वास्थ्य स्क्रीनिंग पर विशेष जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
















