तेलंगाना : रंगारेड्डी जिले के शादनगर से रक्षाबंधन से पहले एक बेहद भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। 24 वर्षीय नवीन की बिजली का काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, नवीन अपनी मटन की दुकान में बिजली की खराबी ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
नवीन की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन से पहले बहन ने अपने भाई को अंतिम विदाई देने से पहले उसकी कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।
हर साल जिस भाई की कलाई पर बहन राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र की कामना करती थी, इस बार उसी भाई की कलाई पर अंतिम बार राखी बांधने का यह दृश्य बेहद मार्मिक रहा। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाकर जांच शुरू कर दी है। घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
















