तिसरा (धनबाद): दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को तिसरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त थाना प्रभारी गिरधर गोपाल ने की, जबकि संचालन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने किया।
बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, स्थानीय समस्याओं और त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई। शांति समिति के सदस्यों ने थाना प्रभारी को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके समाधान के लिए सुझाव दिए।
थाना प्रभारी गिरधर गोपाल ने लोगों से दुर्गा पूजा के दौरान शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, नॉर्थ तिसरा के प्रबंधक अजय विश्वकर्मा ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। बैठक में पुलिसकर्मियों के साथ शांति समिति के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
















