पूर्वी_टुंडी/धनबाद : टुंडी विधानसभा क्षेत्र में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने संगठन विस्तार की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत लटानी पंचायत स्थित शंकरडीह मिथिला होटल में प्रखंड कमेटी के पुनर्गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला महासचिव सलाउद्दीन अंसारी ने की, जबकि मंच संचालन मनीष राय ने किया।
बैठक के दौरान पूर्वी टुंडी प्रखंड कमेटी के कुल 27 पदों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की। सबसे अधिक चर्चा प्रखंड अध्यक्ष पद को लेकर रही, जहां पांच प्रमुख कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का आधार है।
इस अवसर पर जिला महासचिव सलाउद्दीन अंसारी, जिला कोषाध्यक्ष पप्पू पहाड़ी, जिला वरीय उपाध्यक्ष रोहित कुमार मंडल, जिला वरीय उपाध्यक्ष संतोष राय, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष भारती महतो, अल्पसंख्यक जिला सचिव अब्दुल उर्फ टिंकू खान, पूर्व जिला महामंत्री कीर्तन मंडल, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राकेश कर्मकार एवं पूर्व प्रखंड उपाध्यक्ष भूपेत मंडल सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े करीब 15 कार्यकर्ताओं ने भी JLKM की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और कहा कि क्षेत्र में पार्टी के प्रति लोगों का बढ़ता विश्वास संगठन के लिए सकारात्मक संकेत है।
नेताओं ने बताया कि जल्द ही सभी 27 पदों पर योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की आधिकारिक घोषणा की जाएगी, ताकि प्रखंड स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
















