धनबाद: जनसेवा और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए धनबाद के मेयर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह ने एक जरूरतमंद विस्थापित परिवार को रोजगार का नया सहारा प्रदान किया है। बेलगड़िया टाउनशिप निवासी शंभु प्रसाद वर्मा को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
सरकार की मंशा विस्थापित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत शंभु प्रसाद वर्मा को ई-रिक्शा योजना का लाभ दिलाया गया। हालांकि अत्यंत गरीब परिवार से होने के कारण उनके लिए योजना के तहत जमा की जाने वाली प्रारंभिक राशि की व्यवस्था करना भी कठिन था।
जानकारी मिलने पर मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह ने आगे बढ़कर आर्थिक सहयोग किया। उनके सहयोग से शेष राशि जमा हो सकी और शंभु प्रसाद वर्मा को ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया। ई-रिक्शा मिलने से अब उनके सामने रोजगार का नया अवसर खुल गया है, जिससे परिवार की आय बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
लाभुक शंभु प्रसाद वर्मा ने भावुक होकर कहा कि आर्थिक तंगी के कारण उनका सपना अधूरा रह गया था। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा लेने की इच्छा तो थी, लेकिन पैसे की कमी के कारण योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। मेयर और विधायक के सहयोग से उनका सपना पूरा हुआ है और अब वे मेहनत कर अपने परिवार का बेहतर पालन-पोषण कर सकेंगे।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विस्थापित परिवारों को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि शंभु प्रसाद वर्मा को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया गया है। भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की सहायता और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
वहीं विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि विस्थापित परिवारों का पुनर्वास और उन्हें स्वरोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शंभु प्रसाद वर्मा को ई-रिक्शा उपलब्ध कराना केवल एक व्यक्ति की सहायता नहीं, बल्कि पूरे परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाया गया सार्थक कदम है।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा समय पर की गई मदद से एक जरूरतमंद परिवार को नई उम्मीद और सम्मानजनक रोजगार का अवसर मिला है।
















