रांची: रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत विभिन्न कॉलेजों में कार्यरत 96 अतिथि शिक्षक पिछले 25 महीनों से मानदेय मिलने का इंतजार कर रहे हैं। लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण शिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
केओ कॉलेज, गुमला के अतिथि शिक्षक आशीष ने बताया कि मानदेय नहीं मिलने के कारण वे अपनी बेटी की छोटी-छोटी इच्छाएं भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, अतिथि शिक्षक सूरज के अनुसार परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और राशन सहित बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी जरूरतों के लिए भी परेशानी हो रही है।
शिक्षकों का कहना है कि नियमित पढ़ाई कराने के अलावा वे परीक्षा, कॉपियों की जांच और नामांकन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी योगदान देते हैं। इसके बावजूद पिछले 25 महीनों से उनका मानदेय लंबित है।
अब अतिथि शिक्षक विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग कर रहे हैं। उनका सवाल है कि विद्यार्थियों का भविष्य संवारने वाले शिक्षकों को उनकी मेहनत का हक आखिर कब मिलेगा?
















