धनबाद: BSS गर्ल्स हाई स्कूल में विद्यालय के निर्वाचन क्लब की ओर से मतदाता जागरूकता को लेकर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें रंगों और कलात्मक रचनाओं के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती, मतदान के महत्व और नागरिकों के चुनावी अधिकारों एवं कर्तव्यों का संदेश दिया गया।
विद्यालय की प्राचार्या इनाबेल सुषमा कंडुलना के मार्गदर्शन और निर्वाचन क्लब की नोडल शिक्षिका साधना कुमारी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस दौरान साधना कुमारी ने छात्राओं को निर्वाचन आयोग की डिजिटल पहल ECINET ऐप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से मतदाता सूची में नाम खोजना, पंजीकरण के लिए आवेदन करना, आवेदन की स्थिति जानना और डिजिटल वोटर कार्ड डाउनलोड करना जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
छात्राओं को SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
प्रतियोगिता में शिक्षिका प्रीति, ललिता, अनुप्रिया, सुप्रियारश्मि, रिंकू कुमारी, रेनू कुमारी और शिक्षक रत्नेश ने भागीदारी निभाई। प्राचार्या ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करती हैं।
















