धनबाद: 300 करोड़ रुपये से अधिक की कथित कोयला हेराफेरी और धोखाधड़ी के मामले में कोलकाता पुलिस ने भिलाई निवासी संदीप अग्रवाल को धनबाद से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह धनबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था, तभी पुलिस ने उसे DRM चौक के पास पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद संदीप अग्रवाल को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले की शिकायत नारायणी कोक प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पवन मोर ने दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने निवेश योजनाओं, कोयला और कोक की आपूर्ति तथा निजी ऋण के नाम पर 141 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी की। जांच में कुल हेराफेरी की रकम 300 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
इस मामले से जुड़े केस धनबाद के बैंक मोड़ और गोविंदपुर थानों के अलावा कोलकाता, रायपुर और अहमदाबाद में भी दर्ज हैं। मामले में संदीप अग्रवाल की पत्नी राखी अग्रवाल और उनके भाइयों संजय अग्रवाल व सचिन अग्रवाल के नाम भी आरोपियों में शामिल बताए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
















