धनबाद: कोयला नगर स्थित श्री साईं मंदिर में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच अखंड हरि कीर्तन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी कुंभनाथ सिंह एवं श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही मंदिर परिसर साईं बाबा के जयघोष और भजनों से भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान बोरागढ़ के भजन गायक शशि सिंह एवं उनकी मंडली ने सुमधुर भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने झाल और मंजीरे की धुन पर साईं बाबा की स्तुति करते हुए भक्ति रस का आनंद लिया।
आयोजकों ने बताया कि 28 जुलाई को अखंड हरि कीर्तन का समापन एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) के अवसर पर श्री साईं भगवान की भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही 56 भोग अर्पित कर विशाल महाभंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर समाजसेवी कुंभनाथ सिंह ने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से हरि कीर्तन एवं गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की। वहीं उदय प्रताप सिंह ने कहा कि गुरु पूर्णिमा पर आयोजित पालकी यात्रा और महाभंडारा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का विशेष अवसर होगा तथा सभी भक्तों से इसमें सहभागिता निभाने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम में जजमान उदय प्रताप सिंह एवं रेनू सिंह, सुदिस्ट कुमार, मनीष सिंह, संगीत कुमार सिंह, तूफानी बाबा, श्वेताभ सिंह, अंजय मलाकार, मुनी देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
















