धनबाद: झारखंड इंडस्ट्रीज एंड ट्रेड एसोसिएशन (GITA) की ओर से आगामी 3 अगस्त को राजेंद्र सरोवर (बेकार बांध) में 5वीं भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर यूनियन क्लब, धनबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में जीटा के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
जीटा के राजीव शर्मा ने बताया कि महाआरती के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंग जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचकर अपनी सीट ग्रहण करने की अपील की, ताकि वे महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुचारू रूप से आनंद ले सकें।
आयोजन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्य भी पूरे कार्यक्रम के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
समिति ने कहा कि यह महाआरती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।
















