रांची : श्रावण मास की पहली सोमवारी पर पूरे झारखंड में भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर से लेकर राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर और विभिन्न शिवालयों तक सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में लाखों श्रद्धालु और कांवरिये जलार्पण के लिए पहुंचे। श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े रहकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हुए अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते नजर आए। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जिससे उसकी भव्यता और भी बढ़ गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई, ताकि जलार्पण सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
वहीं राजधानी रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में भी पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हाथों में जल, दूध, दही, बेलपत्र, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री लिए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान शिव का अभिषेक करते दिखाई दिए। मंदिर में अरघा सिस्टम के माध्यम से व्यवस्थित तरीके से जलार्पण कराया गया।
पहाड़ी मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क पूजन सामग्री, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा राजधानी के सुरेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ रही।
श्रावण की पहली सोमवारी पर देवघर से रांची तक पूरे झारखंड में शिवभक्ति का उत्साह चरम पर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर देश, प्रदेश और समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
















