धनबाद: पुलिस अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस केंद्र के सभागार में बुधवार से तीन दिवसीय कोयला क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का शुभारंभ हुआ। 5 से 7 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब, डीएसपी प्रकाश सोय, डीएसपी (साइबर) प्रदीप साव, सीआईडी एवं एफएसएल के अधिकारी, जिले के विभिन्न थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ड्यूटी मीट पुलिस अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें अपराध स्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण, फोटोग्राफी, साक्ष्य संग्रह, पैकिंग, फॉरवर्डिंग और जांच प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रतियोगिताएं एवं प्रशिक्षण आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि रेंज स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट में हिस्सा लेते हैं और वहां से चयनित अधिकारी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि सीआईडी और एफएसएल की विशेषज्ञ टीम इस पूरी प्रक्रिया का संचालन करती है, जिससे जांच प्रणाली और अधिक मजबूत होती है।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि तीन दिवसीय इस आयोजन से पुलिस अधिकारियों और जवानों को आधुनिक जांच तकनीकों और नई कार्यप्रणालियों को सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ संगठित अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस अपनी तकनीकी क्षमता और अनुसंधान कौशल को लगातार मजबूत कर रही है।
एसएसपी ने आम लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि रॉन्ग लेन में वाहन चलाने से बचें और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं। उन्होंने बताया कि गोविंदपुर फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण फिलहाल कुछ स्थानों पर जाम की समस्या है, लेकिन परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 1 अगस्त से धनबाद जिले में पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है, जिससे लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आई है और लोगों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी सेवा मिल रही है।
















